नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में जबरन भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे ग्रामीणों पर हुई पुलिस गोलीबारी की निंदा करते हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने बुधवार को ममता सरकार से बातचीत के जरिए मुद्दा सुलझाने को कहा।
दक्षिण 24 परगना के भांगर में चल रहे विरोध प्रदर्शनों ने मंगलवार को हिंसक रूप ले लिया, और पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़पों के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
राजनीतिक हिंसा के लिए मशहूर भांगर गत सप्ताह से उबाल पर है, क्योंकि पॉवर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के लिए राज्य सरकार द्वारा खमराइत, माछी भांगा, टोना और पदमपुकुर गावों की अधिगृहीत 16 एकड़ खेती की जमीन को ग्रामीण जबरन अधिग्रहण बताते हैं।
पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा, “माकपा पोलित ब्यूरो पश्चिम बंगाल में दक्षिण 24 परगना जिले के भांगर में हुई पुलिस गोलीबारी की निंदा करती है, जिसमें दो लोगों की मौत हुई थी।”
माकपा दो लोगों की मौत का दावा करती है, जबकि राज्य सरकार ने केवल एक मौत की पुष्टि की है।
पार्टी ने आगे कहा, “तृणमूल कांग्रेस सरकार को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग बंद करना चाहिए। मुद्दे के हल के लिए लोगों के साथ खुली बातचीत होनी चाहिए। कोई भी भूमि अधिग्रहण जबरन नहीं हो सकता है।”
क्षेत्र में उस समय तनाव उत्पन्न हो गया, जब आक्रोशित प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भारी झड़प हुई। उन लोगों ने गांव में घुसने की कोशिश की थी।
झड़प मंगलवार दोपहर उस समय तेज हो गई, जब त्वरित कार्रवाई बल की एक बटालियन के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल ने गांव में घुसने की कोशिश की।
dharmpath.com dharmpath