मप्र : बैतूल में छात्रावास अधीक्षक निलंबित

बैतूल, 20 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में छात्रावासों के निरीक्षण पर निकले जिले के प्रभारी व सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री लालसिंह आर्य ने एक छात्रावास में कई खामियां मिलने पर छात्रावास अधीक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जिले के प्रभारी मंत्री लाल सिंह आर्य ने गुरुवार को प्रभुढाना के आदिवासी बालक छात्रावास, चूनालोहमा स्थित कमला नेहरू कन्या आश्रम एवं जिला मुख्यालय में संचालित उत्कृष्ट कन्या छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया।

प्रभारी मंत्री को निरीक्षण के दौरान प्रभुढाना के आदिवासी बालक छात्रावास में स्वच्छता एवं बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता में कमी मिली, जिस पर उन्होंने वहां पदस्थ अधीक्षक पंढरी पाटनकर को निलंबित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने उक्त छात्रावासों में रह रहे विद्यार्थियों से उनको मिलने वाले बिस्तर, भोजन, चाय-नाश्ते एवं अन्य सभी मामलों की पड़ताल की। उन्होंने अधीक्षकों को छात्रावासों में स्वच्छता रखने, साफ-सुथरे चादर एवं तकिये की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने छात्रावास अधीक्षकों को इस बात के कड़े निर्देश दिए कि कन्या छात्रावासों में बाहरी अथवा अनधिकृत व्यक्तियों को प्रवेश न करने दिया जाए।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सूरजलाल जावरकर, विधायक महेंद्र सिंह चौहान सहित कलेक्टर शशांक मिश्र भी उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493