भाजपा ने मेरठ की जिलाधिकारी की चुनाव आयोग से शिकायत की

लखनऊ /मेरठ, 20 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली उत्तर प्रदेश की चर्चित महिला आईएएस अधिकारी और मेरठ की जिलाधिकारी बी़ चंद्रकला के खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत कर तत्काल उनके तबादले की मांग की है।

भाजपा ने चुनाव आयोग को गुरुवार को एक पत्र लिखकर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) की अधिकारी और मेरठ की जिलाधिकारी पर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ता के रूप में काम करने का आरोप लगाया है और उन्हें तुरंत स्थानान्तरित करने की मांग की है।

भाजपा का कहना है कि जिला निर्वाचन अधिकारी बी़ चन्द्रकला आत्ममुग्धता से ग्रसित हैं। सोशल मीडिया और मीडिया में सुर्खियां बटोरने की आदी हो चुकीं डीएम भाजपा के कार्यकर्ताओं और कार्यक्रमों को प्रभावित कर रही हैं।

प्रदेश में भाजपा के चुनाव प्रबंधन के प्रमुख जे. पी. एस राठौर. ने आईएएनएस से कहा, “शिकायती पत्र में लिखा गया है कि मेरठ की जिलाधिकारी चुनाव आचार संहिता का गलत हवाला देकर भाजपा के कार्यक्रमों को अनुमति नहीं दे रही हैं, जबकि सपा को वह पूरी छूट दे रही हैं।”

भाजपा ने मांग की कि भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव के लिए मेरठ की जिलाधिकारी का तबादला किया जाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493