लंदन, 22 जनवरी (आईएएनएस)। ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने यूरोपीय संघ से ब्रिटेन के अलग होने (ब्रेक्सिट) के फैसले पर चर्चा के लिए यूरोपीय संसद के नए अध्यक्ष एंटोनियो ताजानी के साथ जल्द एक बैेठक के लिए शनिवार को आग्रह किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, डाउनिंग स्ट्रीट के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री थेरेसा ने ताजानी को फोन कर यूरोपीय संसद का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी।
ताजानी के साथ बातचीत में थेरेसा ने कहा कि वह ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से अलग होने सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए यथसंभव जल्द से जल्द लंदन में एक बैठक आयोजित करना चाहती हैं।
थेरेसा की प्रवक्ता ने कहा, “उन्होंने बातचीत में इस सप्ताह दिए अपने भाषण का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने ब्रेक्सिट पर चर्चा के लिए ब्रिटेन की प्राथमिकताएं तय करते हुए दोहराया था कि हम ईयू के सदस्य बने रहने तक इसमें अपनी पूरी भूमिका और दायित्व निभाएंगे।”
प्रवक्ता के मुताबिक, “उन्होंने ब्रेक्सिट की प्रक्रिया के दौरान और उसके बाद भी ब्रिटेन और यूरोपीय संघ के बीच अच्छा रिश्ता कायम रखने के लिए साथ काम करने पर सहमति जताई।”
dharmpath.com dharmpath