विज्क आन जी (नीदरलैंड्स), 22 जनवरी (आईएएनएस)। भारत के अग्रणी शतरंज खिलाड़ी ग्रैंड मास्टर पी. हरिकृष्ण ने रविवार को टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट के सातवें दौर के मुकाबले में रूस के ग्रैंड मास्टर दिमित्री आंद्रेइकिन के साथ ड्रॉ खेला।
इस ड्रॉ मुकाबले के साथ हरिकृष्ण टूर्नामेंट में आठवें स्थान पर बने हुए हैं।
11वीं विश्व वरीयता प्राप्त हरिकृष्ण ने आंद्रेइकिन को कड़ी टक्कर दी और दो घंटे से अधिक खिंचे मुकाबले में आंद्रेइकिन को आधा-आधा अंक बांटने पर मजबूर किया।
हरिकृष्ण के अब कुल 3.5 अंक हो गए हैं और टूर्नामेंट में उन्हें अभी छह मुकाबले और खेलने हैं।
काले मोहरों से खेल रहे हरिकृष्ण ने आक्रामक अंदाज अपनाया, हालांकि वह बिसात पर नियंत्रण हासिल नहीं कर सके।
हरिकृष्ण ने मैच के बाद कहा, “यह बहुत ही कड़ी मुकाबला था, जिसमें कई मोहरे बदले गए, लेकिन पकड़ बनाने के मुझे ज्यादा अवसर नहीं मिले। अंत में मुझे मुकाबला ड्रॉ कराने के लिए एक ही चाल बार-बार चलनी पड़ी।”
हरिकृष्ठ के 2770 रेटिंग अंक हैं। अब तक वह टूर्नामेंट में एक ही जीत हासिल कर सके हैं, पांच मैच ड्रॉ कराए हैं और एक मैच हारे हैं।
हरिकृष्ण अब सोमवार को अगले मुकाबले में चीन के वेई यी का सामना करेंगे।
dharmpath.com dharmpath