अमरिंदर ने बागियों को चुनाव से बाहर होने की चेतावनी दी

चंडीगढ़, 22 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह ने रविवार को असंतुष्टों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि वे मंगलवार शाम तक नामांकन वापस नहीं लेते हैं तो उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।

अमरिंदर ने बागियों से आधिकृत कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में चार फरवरी को होने वाले चुनाव से बाहर होने और शिरोमणि अकाली दल-भाजपा गठबंधन और आम आदमी पार्टी (आप) को हराने के लिए एकजुट होने की बात कही। अमरिंदर ने कहा कि पंजाब और यहां के लोगों का हित सर्वोपरि है और व्यक्तिगत लाभ के लिए इसके साथ समझौता करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

उन्होंने बागियों से 48 घंटे में चुनावी लड़ाई से बाहर होने के लिए कहा और कहा कि यदि वे ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें पार्टी से स्थायी रूप से निष्कासित कर दिया जाएगा।

उन्होंने चेताया कि कांग्रेस आलाकमान ने फैसला किया है कि एक बार अवज्ञा के लिए निष्कासित किए जाने के बाद उन्हें वापस नहीं लिया जाएगा।

नामांकन वापस लेने के पार्टी नेतृत्व के अनुरोध को मानने से इनकार करने वाले बागियों पर निशाना साधते हुए अमरिंदर ने कहा कि इसे पार्टी अनुशासन का उल्लंघन माना जाएगा, और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हालांकि, अमरिंदर ने कहा कि चुनाव मैदान में बागी उम्मीदवारों की उपस्थिति से कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं पर कोई खास असर नहीं होगा।

कांग्रेस राज्य की 117 विधानसभा सीटों पर सत्तारूढ़ अकाली दल-भाजपा गठबंधन और आम आदमी पार्टी के खिलाफ मैदान में है।

कांग्रेस को बागियों का सामना करना पड़ रहा है। बागी उम्मीदवारों ने साल 2012 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को लगभग 25 सीटों पर नुकसान पहुंचाया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493