विमान हादसे में जीवित बचे कापेकोइंस के खिलाड़ी जेक्सन करेंगे शादी

रियो डी जनेरियो, 23 जनवरी (आईएएनएस)। कोलंबिया विमान हादसे में जीवित बचे छह यात्रियों में से एक ब्राजील के फुटबाल क्लब कापेकोइंस खिलाड़ी जेक्सन फोलमान ने अपनी प्रेमिका एंड्रेसा पेर्कोव्स्की से शादी की योजनाओं का खुलासा किया।

जेक्सन को जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिलने वाली है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कोलंबिया विमान हादसे में जीवित बचे छह यात्री अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हीं में से एक 24 वर्षीय जेक्सन को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।

ब्राजील के टेलीविजन चैनल ‘टीवी ग्लोबो’ को रविवार को दिए एक भावुक साक्षात्कार में जेक्सन ने कहा, “जब मैं अपने सामान्य जीवन में वापसी करूंगा, तो आपको पता चलेगा कि मैं और मेरी प्रेमिका एंड्रेसा शादी कर रहे हैं।”

उल्लेखनीय है कि पिछले साल 28 नवम्बर को कोलंबिया जा रहा विमान मेडेलिन के पास पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 71 लोगों की मौत हो गई, जिसमें कापेकोइंस क्लब के 19 खिलाड़ी और स्टाफ सदस्य शामिल थे।

इस दुर्घटना में जीवित बचे छह यात्रियों में तीन कापेकोइंस के खिलाड़ी शामिल थे। जेक्सन ने इस दुर्घटना में अपनी दाईं टांग का निचला हिस्सा गंवा दिया।

टेलीविजन चैनल ‘टीवी ग्लोबो’ से साक्षात्कार के दौरान इस दुर्घटना को याद करते हुए जेक्सन रो पड़े। उन्होंने कहा, “मुझे याद है जब इंजन बंद हो गया था और लाइटें बुझ गई थीं। मुझे पता था कि कुछ गलत है।”

जेक्सन ने कहा, “मैंने जब अपनी आंखें खोली, तो काफी अंधेरा था और ठंड थी। मैं कांप रहा था। मैंने मदद के लिए आवाज लगाई। मैं मरना नहीं चाहता था। मेरे साथ अन्य लोग भी चिल्ला रहे थे। तब मैंने सहयोगी स्टाफ के आने की आवाज सुनी।”

इस हादसे के बाद शनिवार को कापेकोइंस क्लब ने पाल्मेरास क्लब के साथ मुकाबला खेला, जो 2-2 से ड्रॉ रहा।

इस मैच की शुरुआत से पहले स्टेडियम में मौजूद पीड़ितों के परिजनों सहित सभी की आंखें नम थीं।

इस मैच के दौरान कापेकोइंस क्लब को कोपा सुदामेरिकाना टूर्नामेंट की ट्रॉफी भेंट की गई। इस दौरान विमान हादसे में जेक्सन के साथ जीवित बचे क्लब के अन्य दो खिलाड़ी हेलियो हेर्मिटो नेटो और एलेन रशेल भी शामिल थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493