नई दिल्ली, 24 जनवरी (आईएएनएस)। रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की फिल्म ‘रईस’ के प्रचार के दौरान वड़ोदरा रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति की मौत की जांच के आदेश दिए हैं।
प्रभु ने एक ट्वीट में कहा, “रेलवे सुरक्षा बल के महानिदेशक को मामले की जांच करने और कोई चूक पाए जाने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।”
शाहरुख की झलक पाने की कोशिश में जुटी उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ के कारण मची भगदड़ में फरीद खान पठान की मौत हो गई।
घटना में दो अन्य व्यक्ति घायल भी हुए हैं।
शाहरुख बुधवार को रिलीज होने जा रही अपनी फिल्म के प्रचार के लिए मुंबई से अगस्त क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली आ रहे थे। वड़ोदरा स्टेशन पर सोमवार रात उनकी एक झलक पाने को बेताब प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी थी।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें कुछ लोगों के सिर और चेहरों पर चोटें आ गईं।
dharmpath.com dharmpath