पटना, 24 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना स्थित डायरेक्टरेट ऑफ रवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की एक टीम ने पूर्णिया के खजांची हराट थाना क्षेत्र से दो तस्करों को कोबरा सांप का 908 ग्राम जहर के साथ गिरफ्तार किया है।
डीआरआई की पटना इकाई के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एक टीम ने सोमवार शाम खजांची हाट क्षेत्र से दो तस्करों को गिरफ्तार किया, जिसके पास से कोबरा सांप के 908 ग्राम जहर, जो एक शीषे के जार में रखा हुआ था, बरामद किया है। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मधेपुरा जिला निवासी वीरेंद्र मंडल और पूर्णिया जिला निवासी वकील दास के रूप में की गई है।
जब्त किए गए कोबरा सांप के जहर की इस खेप की कीमत भारत के बाजार में करीब 3़ 75 करोड़ रुपये आंकी गई है।
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों तस्करों ने पूछताछ में बताया कि इस जहर को दिल्ली ले जाने की योजना थी, जिसके एवज में इन दोनों को दो लाख रुपये मिलने वाले थे। ये दोनों लोग पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल निवासी गोपाल दास और नारायण घोष के संपर्क में थे। इस जहर की खेप बांग्लादेश से पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंचाया गया था।
डीआरआई की टीम ने कोबरा सांप के जहर की इस खेप को पटना लाकर जांच फॉरेंसिक लैब भेज दिया है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
dharmpath.com dharmpath