जाट आंदोलन : जन संपर्क कार्यक्रम शुरू करने का पुलिस को निर्देश

चंडीगढ़, 24 जनवरी (आईएएनएस)। जाट समुदाय के एक धड़े द्वारा आरक्षण की मांग को लेकर 29 जनवरी से आंदोलन शुरू करने की घोषणा के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने राज्य में शांति कायम रखने के लिए मंगलवार को नागरिक व पुलिस प्रशासन को जन संपर्क कार्यक्रम शुरू करने का निर्देश दिया।

हरियाणा सरकार के एक प्रवक्ता ने यहां मंगलवार को कहा कि प्रशासनिक सचिवों, प्रमंडलीय आयुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, उपायुक्तों, पुलिस आयुक्तों तथा पुलिस अधीक्षकों को लिखे पत्र में सरकार ने उन्हें हालात पर पैनी नजर रखने तथा तत्काल जरूरी कदम उठाने का निर्देश दिया है।

प्रमंडलीय व जिला अधिकारियों को संबंधित क्षेत्रों से जमीनी हालात की रोजाना स्तर पर रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजने के लिए कहा गया है।

जाट नेतृत्व के एक धड़े ने हाल में आरक्षण के लिए जाट आंदोलन को दोबारा शुरू करने की घोषणा की है। पिछले साल इस आंदोलन में 30 लोगों की मौत हो गई थी।

हरियाणा सरकार तथा पुलिस कुछ जाट नेताओं खासकर यशपाल मलिक के नेतृत्व वाले अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति (एआईजेएएसएस) के नेताओं पर पैनी नजर बनाए हुए है।

एआईजेएएसएस ने 29 जनवरी से जाट आंदोलन की घोषणा की है।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक के.पी.सिंह पहले ही कह चुके हैं कि अगर कोई भी व्यक्ति गैर कानूनी गतिविधि या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493