निकोलाई एडम को हटाने से एआईएफएफ का इनकार

नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ (एआईएफएफ) ने बुधवार को अंडर-17 टीम के मुख्य कोच निकोलाई एडम को हटाने की खबरों से इनकार किया है।

ऐसी खबरें थी कि हाल ही में रूस में 16 देशों के टूर्नामेंट में बुरे प्रदर्शन के बाद टीम के मुख्य कोच को एआईएफएफ ने बर्खास्त कर दिया है।

भारत की मेजबानी में इसी साल फीफा अंडर-17 विश्व कप का आयोजन होना है और एडम इसी टीम के मुख्य कोच हैं।

ग्रेनाटकिन कप में भारत का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था और वह अंकतालिका में सबसे नीचे रही थी।

एआईएफएफ ने एक बयान में कहा है, “अखिल भारतीय फुटबाल महासंघ अंडर-17 फुटबाल टीम के मुख्य कोच को हटाए जाने की खबरों से हैरान है और ऐसी खबरों को सिरे से खारिज करता है।”

बयान में कहा गया है, “एआईएफएफ के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने मंगलवार को वालेंटिन ग्रेनाटकिन टूर्नामेंट से लौटने के बाद गोवा में खिलाड़ियों और कोच से बात की। अध्यक्ष ने टीम के प्रदर्शन पर चर्चा की, साथ ही आगामी अंडर-17 विश्व कप की तैयारियों के बारे में भी जाना।”

एआईएफएफ ने बयान में कहा है कि अक्टूबर में होने वाले विश्व कप से पहले भारतीय टीम उच्च स्तर की फुटबाल खेलने के लिए जर्मनी, दुबई, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, नॉर्वे, ब्राजील और रूस का दौरा कर चुकी है। टीम एक फरवरी से गोवा में अभ्यास के लिए जुटेगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493