जयपुर, 25 जनवरी (आईएएनएस)। चैम्पियंस पोलो लीग के लिए लीग समिति ने बुधवार को खिलाड़ियों की रैंकिंग घोषित कर दी।
लीग समिति ने हाल ही में जयपुर के मुंडोटा पोलो ग्राउंड में आयोजित मैच में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों की रैंकिंग तय की। इस मैच में कुल 24 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल दिसम्बर में चैम्पियंस पोलो लीग लांच की गई थी और इस वर्ष लीग का पहला संस्करण खेला जाएगा।
समिति द्वारा दी गई रेटिंग के आधार पर 24 खिलाड़ियों को आठ टीमों में रखा गया है। मुंडोटा पोलो ग्राउंड पर आयोजित मैच में कई प्रतिष्ठित खिलाड़ियों ने हिस्ला लिया, जिसमें समीर सुहाग, सैयद बशीर अली, ध्रुवपाल गोदारा, शमशेर अली खान, गौरव सहगल, अंगद कलान, उदय कलान शामिल थे।
चैम्पियंस पोलो लीग के लिए मैच के दौरान खिलाड़ियों की रैंकिंग हेतु कुछ मानक तय किए गए, जिसमें बॉल के साथ संतुलन, घुड़सवारी आदि शामिल थे। इन मानकों में प्रत्येक खिलाड़ी को प्रत्येक कौशल में 1-10 के बीच अंक दिए गए।
लीग समिति के निर्णायक दल में भारतीय पोलो टीम के पूर्व कप्तान लोकेंद्र सिंह, राजस्थान पोलो क्लब के पूर्व सचिव तथा भारतीय पोलो टीम के पूर्व प्रबंधक विक्रम राठौर शामिल रहे। इसके अलावा, इस समिति में अर्जेटीना के पेशेवर पोलो खिलाड़ी जोस इग्नासियो एराया भी शामिल रहे।
चैम्पियंस पोलो लीग के संस्थापक चिराग पारेख ने कहा, “यह लीग देश में पोलो का एक नया अवतार है, जो पहले किसी ने नहीं देखा। इस पारंपरिक खेल में कई नई चीजों को शमिल किया गया है। आशा है कि इस खेल से जुड़े नए प्रारूप के कारण लोग इसे समझ पाने और इसका आनंद ले पाने में सहज होंगे।”
dharmpath.com dharmpath