अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्म बनाने की ख्वाहिश : सुभाष घई

मुंबई, 25 जनवरी (आईएएनएस)। ‘सौदागर’, ‘कर्मा’, ‘राम लखन’, ‘ताल’ और ‘परदेस’ जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले फिल्मकार सुभाष घई अब अपनी सर्वश्रेष्ठ फिल्म बनाना चाहते हैं।

घई ने मंगलवार को यहां अपने व्हिस्लिंग वुड्स इंटरनेशनल स्कूल की दसवीं सालगिरह के सम्मेलन में कहा, “पहली बात, मैं लेखक-निर्देशक हूं और मुझे अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ फिल्म बनाने की ख्वाहिश है। यह मेरे लिए बड़ी चुनौती है, जो मुझे खुद करना है।”

उन्होंने कहा, “धीरे धीरे मैं वृद्ध हो रहा हूं और यह चुनौती मेरे लिए मुश्किल होती जा रही है, लेकिन मैं इस विषय पर काम कर रहा हूं और बहुत जल्द मैं अगली फिल्म की घोषणा करूंगा।”

सुभाष घई ने मंगलवार को अपना 72वां जन्मदिन मनाया।

घई का मानना है कि युवा फिल्मकारों के पास अपनी प्रतिभा दिखाने के कई अवसर हैं।

उन्होंने कहा, “आज, जो फिल्मकार बनना चाहते हैं वे लघु फिल्म के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखा सकते हैं। वे मोबाइल से फिल्म शूट कर उसे यूट्यूब पर अपलोड कर सकते हैं। आज की पीढ़ी के पास कई मौके हैं। फिल्मकार जो अच्छी लघु फिल्म बनाने में सक्षम हैं, वे पूरी फिल्म बना सकते हैं।”

हाल में रिलीज हुई फिल्मों में घई विशेष रूप से आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ से प्रभावित हुए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493