उप्र : बाहुबली मुख्तार अंसारी बसपा में शामिल

लखनऊ, 26 जनवरी (आईएएनएस)। माफिया डॉन से राजनेता बने मुख्तार अंसारी गुरुवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में शामिल हो गए। मुख्तार के साथ उनके पुत्र और भाई भी बसपा में शामिल हुए।

मुख्तार अंसारी के बसपा में शामिल होने की घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने की। मायावती ने अंसारी के आपराधिक छवि को दरकिनार करते हुए कहा कि ‘दूसरी पार्टियों में बड़े गुंडे मौजूद हैं।’

मुख्तार अंसारी पूर्वी उत्तर प्रदेश की मऊ सीट से चुनाव लड़ेंगे। मुख्तार के पुत्र अब्बास घोसी से और भाई सिग्बातुल्लाह मोहम्मदाबाद से बसपा के उम्मीदवार के होंगे।

अंसारी के कौमी एकता दल के विलय से बीते साल सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) में विवाद शुरू हो गया था। पार्टी के तत्कालीन प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने अंसारी की पार्टी के सपा में विलय की सहमति दी थी, जबकि मुलायम के बेटे और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अंसारी का कड़ा विरोध किया था।

अंसारी की प्रदेश के पूर्वी हिस्से में बुनकरों के बीच मजबूत राजनीतिक पकड़ है और वह एक दर्जन से ज्यादा विधानसभा सीटों पर प्रभाव रखते हैं।

बसपा सूत्रों ने कहा कि मायावती ने यह कदम सपा के कांग्रेस से गठबंधन के बाद उठाया है। हालांकि मायावती अखिलेश सरकार पर कानून और व्यवस्था को लेकर हमला करती रही हैं।

मायावती ने अपने अल्पसंख्यक वोटरों को लुभाने की नीति के तहत अंसारी को पार्टी में शामिल किया है। मायावती के इस कदम को मुस्लिम वोटों के कांग्रेस-सपा गठबंधन के साथ जाने को रोकने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव सात चरणों में 4 फरवरी से 8 मार्च तक होने हैं। परिणाम 11 मार्च को घोषित होंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493