ईटानगर, 28 जनवरी (आईएएनएस)। नागालैंड के राज्यपाल पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य को गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अजीत सिंह ने शनिवार को यहां राजभवन में अरुणाचल प्रदेश के कार्यकारी राज्यपाल पद की शपथ दिलाई। वी.षणमुगनाथन के इस्तीफे के बाद आचार्य को अरुणाचल प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया।
मेघालय के राज्यपाल वी.षणमुगनाथन अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। अपने खिलाफ लगे अनुचित व्यवहार के आरोपों की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए उन्होंने गुरुवार रात इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद मेघालय के साथ ही अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल का पद रिक्त हो गया था।
आचार्य के शपथ ग्रहण समारोह में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, उनके मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, प्रभारी मुख्य सचिव सत्य गोपाल तथा राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
असम के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित रविवार शाम मेघालय के अंतरिम राज्यपाल के रूप में पद की शपथ लेंगे।
आचार्य के शपथ ग्रहण समारोह के बाद अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
प्रधानमंत्री कार्यालय तथा राष्ट्रपति भवन को शिलांग स्थित राजभवन के कर्मचारियों ने एक पत्र भेजा था, जिसमें 100 कर्मचारियों के दस्तखत थे। खत में राज्यपाल षणमुगनाथन पर राजभवन को ‘यंग लेडीज क्लब’ में तब्दील करने का आरोप लगाते हुए पद से हटाने की मांग की गई थी।
dharmpath.com dharmpath