लखनऊ, 28 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को कहा कि अगर उत्तर प्रदेश में भाजपा सत्ता में आती है, तो वह ‘संवैधानिक दायरे में’ रहकर अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की दिशा में काम शुरू करेगी।
विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र जारी करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने यहां कहा कि पार्टी ने 2014 में लोकसभा चुनाव को लेकर जो घोषणा पत्र जारी किया था, उसमें भी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट किया था।
शाह ने कहा, “भाजपा ने राम मंदिर पर अपने रुख को दोहराया है। अगर उत्तर प्रदेश में सत्ता मिली, तो पार्टी संविधान के दायरे में रहकर राम मंदिर का निर्माण करेगी।”
साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव को लेकर जारी चुनाव घोषणा पत्र में भाजपा ने कहा था कि वह संविधान के दायरे में रहकर राम मंदिर के निर्माण के लिए सभी संभावनाओं की तलाश करेगी।
उत्तर प्रदेश में 11 फरवरी से विधानसभा चुनाव शुरू होगा, जो सात चरणों में होगा।
dharmpath.com dharmpath