ईटानगर, 28 जनवरी (आईएएनएस)। असम के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित को शनिवार को शिलांग उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश दिनेश माहेश्वरी ने राजभवन में प्रदेश के कार्यकारी राज्यपाल पद की शपथ दिलाई।
मेघालय के राज्यपाल वी.षणमुगनाथन के इस्तीफे के बाद पुरोहित को मेघालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। षणमुगनाथन अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे।
वी.षणमुगनाथन ने अपने खिलाफ लगे अनुचित व्यवहार के आरोपों की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार रात इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह पद रिक्त हो गया था।
शपथ ग्रहण समारोह में मेघालय के मुख्यमंत्री मुकुल संगमा, राज्य के गृहमंत्री एचडीआर लिंगदोह तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री रोशन वजीरी के अलावा सरकारी अधिकारियों, रक्षा अधिकारियों ने हिस्सा लिया।
उल्लेखनीय है कि षणमुगनाथन के इस्तीफे के बाद नागालैंड के राज्यपाल पद्मनाभ बालकृष्ण आचार्य ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के कार्यकारी राज्यपाल पद की शपथ ली।
dharmpath.com dharmpath