एटीपी रैंकिंग : 18वें ग्रैंड स्लैम के साथ शीर्ष-10 में लौटे फेडरर

मेलबर्न, 30 जनवरी (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड के दिग्गज पुरुष टेनिस खिलाड़ी रोजर फेडरर ने अपना 18वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतते हुए पेशेवर टेनिस संघ (एटीपी) रैंकिंग में शीर्ष-10 में वापसी कर ली है।

फेडरर ने आस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में रविवार को स्पेन के राफेल नडाल को हराकर अपना 18वां ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट जीता था। सोमवार को जारी ताजा एटीपी रैंकिंग में उन्हें इस जीत का फायदा हुआ है और वह सात स्थान की छलांग के साथ 10वें स्थान पर आ गए हैं।

फाइनल में फेडरर से हारने वाले नडाल को रैंकिंग में फायदा हुआ है। वह तीन स्थान आगे बढ़कर छठे स्थान पर आ गए हैं। फेडरर के अब 3,260 अंक हो गए है।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, फेडरर ने नडाल को साल के पहले ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट के फाइनल में 6-4, 3-6, 6-1, 3-6, 6-3 से मात दी थी।

ब्रिटेन की एंडी मरे ने अपना शीर्ष स्थान कायम रखा है। कनाडा के मिलोस राओनिक को एक स्थान का नुकसान हुआ है वह अब चौथे स्थान पर आ गए हैं। सर्बिया के नोवाक जोकोविक दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।

जापान के केई निशिकोरी को पांचवां स्थान हासिल है। क्रोएशिया के मारिन सिलिक 3,560 अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं। आस्ट्रिया के डोमिनिक थीम, और फ्रांस के गेल मोनफिल्ट को क्रमश: आठवां और नौवां स्थान मिला है।

सेमीफाइनल में फेडरर से मात खाने वाले स्टानस्लिास वावरिंका को भी अच्छे प्रदर्शन का फायदा हुआ है और वह तीसरे स्थान पर आ गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493