रोड शो में उमड़ी भीड़ ने दे दिया भाजपा को जवाब : सपा

पार्टी का कहना है कि विजय रथ के साथ पूरे रास्ते जन समुद्र था। साथ ही पार्टी के मुताबिक, रोड शो में श्रमिकों, महिलाओं, कर्मचारियों ने अपना काम बंद कर दोनों नेताओं का भरपूर अभिवादन किया।

पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने सोमवार को जारी अपने बयान में यहां तक बताया है कि रोड शो के 12 किलोमीटर के रास्ते पर कई टन फूलों की वर्षा हुई।

उन्होंने कहा कि विजय रथ यात्रा में लगभग 1 लाख स्त्री-पुरुषों और नौजवानों की भागीदारी का संदेश स्पष्ट था कि उनका समर्थन धर्मनिरपेक्षता के लिए है।

चौधरी ने कहा, “भाजपा नेताओं की बदजुबानी और आतंकी भाषा का जवाब भी रोड शो में जनता की भारी उमड़ी भीड़ ने दिया है। यही लोकतंत्र में अंहकार का सटीक उत्तर है।”

चौधरी ने कहा कि लखनऊ में विजय रथ के सफल रोड-शो से विपक्षी दल सकते में आ गए। भाजपा और बसपा ने बौखलाहट में अनर्गल प्रलाप करना शुरू कर दिया है।

उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में भय और भ्रष्टाचार के आकंठ में डूबकर सत्ता से हटने के बाद मायावती ने पांच साल जनता से दूरी बनाए रखी। अब चुनाव की घोषणा होने के बाद जनता का पूरा भरोसा अखिलेश यादव में दिख रहा है। कांग्रेस से गठबंधन के बाद भारी बहुमत की सरकार का आना तय दिख रहा है, ऐसे में बसपा हतोत्साहित होकर फिजूल बयान दे रही है।

सपा प्रवक्ता ने कहा कि अपने चाल-चरित्र से भटक चुकी भाजपा एक बार फिर उत्तर प्रदेश की राजनीति को सांप्रदायिकता के रंग में रंगना चाहती है। सपा-कांगेस गठबंधन के बाद भाजपा को अपनी बुरी गति तय दिख रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493