नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा एटीएम से सभी प्रतिबंध हटाए जाने के एक दिन बाद मंगलवार को दिल्ली और नोएडा में ज्यादातर एटीएम के बाहर भीड़ नहीं दिखाई दी।
प्रीत विहार, संसद मार्ग और नोएडा सेक्टर 16 में लोग बिना लाइन लगाए आसानी से पैसे निकाल रहे हैं।
हालांकि, भारतीय रिजर्व बैंक के मुताबिक लोग अभी सिर्फ 10,000 रुपये ही निकाल सकते हैं।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सोमवार को कहा कि बुधवार से एटीएम और चालू खातों से रकम निकासी पर लागू सभी प्रकार के प्रतिबंध हटाए जा रहे हैं, लेकिन बचत खातों पर प्रतिबंध जारी रहेगा।
आरबीआई की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया कि चालू खातों, कैश क्रेडिट खातों और ओवरड्राफ्ट खातों से निकासी पर लागू प्रतिबंध हटा लिए गए हैं।
आरबीआई ने आठ नवंबर को 500 और 1000 रुपये के नोट अमान्य किए जाने के बाद ये प्रतिबंध लागू किए थे। इसके चलते शुरुआत में एटीएम से पैसे निकालने की सीमा 2,500 रुपये की गई थी और फिर 4,500 रुपये तय की गई।
इस महीने के मध्य में भारतीय रिजर्व बैंक ने दैनिक निकासी सीमा 4,500 से 10,000 रुपये बढ़ा दी और चालू खाते से साप्ताहिक निकासी सीमा दोगुनी कर एक लाख रुपये कर दी।
बैंक खातों से साप्ताहिक निकासी सीमा नवंबर में 20,000 रुपये से बढ़ाकर 24,000 रुपये कर दी गई थी।
dharmpath.com dharmpath