सेना ने हिमस्खलन में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी

श्रीनगर, 31 जनवरी (आईएएनएस)। सेना ने जम्मू एवं कश्मीर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के माचिल और गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन में शहीद हुए जवानों को मंगलवार को श्रद्धांजलि दी।

सेना के 15वीं कोर के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने कहा, “पूरा देश कश्मीर के गुरेज और माचिल के सीमांत क्षेत्रों में शहीद हुए 19 जवानों को नमन करता है, जिन्होंने प्राकृतिक चुनौतियों का सामना करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। सेना ने श्रीनगर में एक महत्वपूर्ण समारोह में अपने जांबाज जवानों को विदाई दी।”

कर्नल कालिया ने कहा, “चिनार कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जर्नल जे.एस. संधू और कोर के सभी रैंकों ने वीर जवानों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इन जवानों ने नियंत्रण रेखा से लगी विकट ऊंचाइयों में सेवारत रहने के दौरान उत्तरी कश्मीर के दो अलग-अलग बर्फ से जुड़ी घटनाओं में अपनी जान की कुर्बानी दी।”

कर्नल कालिया ने कहा कि एकजुटता प्रदर्शित करते हुए दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी, जम्मू एवं कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और एसएसबी ने भी वीरों को श्रद्धांजलि दी।”

शहीदों के पार्थिव शरीर उनके पैतृक स्थानों के लिए ले जाए जा रहे हैं, जहां उनके परिजनों द्वारा उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

कर्नल कालिया ने कहा, “सेना शोकसंतप्त परिवारों के साथ है और उनके दुख और दर्द में साझीदार है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493