आम बजट : 2020 तक कालाजार, खसरा, कुष्ठ रोग उन्मूलन का लक्ष्य

नई दिल्ली, 1 फरवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने बुधवार को संसद में वर्ष 2017-18 का आम बजट पेश करते हुए कहा कि सरकार ने 2017 तक कालाजार, 2018 तक कुष्ठ और 2020 तक खसरा समाप्त करने के लिए कार्य योजना तैयार की है।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा सरकार ने 2025 तक तपेदिक (क्षय रोग) को भी समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। इसी प्रकार नवजात शिशु मृत्यु दर (आईएमआर) 2014 के 39 से घटाकर 2019 तक 28 करने और 2011-13 की मातृ मृत्यु दर (एमएमआर) 167 को 2018-2020 के बीच घटाकर 100 करने की योजना है।

जेटली ने बताया कि 1.5 लाख स्वास्थ्य उप-केन्द्रों को स्वास्थ्य व तंदुरुस्ती केंद्रों में बदला जाएगा। झारखंड और गुजरात में दो नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान स्थापित किए जाएंगे।

औषधियों की उचित मूल्यों पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए औषधि और सौंदर्य प्रसाधन नियमावली में संशोधन किया जाएगा।

जेटली ने अपने बजट भाषण में कहा कि द्वितीयक और तृतीयक स्तरों के रोगियों की देखभाल को मजबूत करने के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की जरूरत है, इसलिए हमने प्रति वर्ष 5000 अतिरिक्त स्नातकोत्तर सीटें सृजित करने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा बड़े जिला अस्पतालों में डीएनबी पाठ्यक्रम, चुनिंदा ईएसआई और नगर निगम के अस्पतालों में स्नातकोत्तर शिक्षा को मजबूत करने तथा प्रख्यात निजी अस्पतालों को डीएनबी पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने के कदम उठाए जाएंगे। सरकार देश में चिकित्सीय शिक्षा और अभ्यास के विनियामक ढांचे में संरचनात्मक परिवर्तन के लिए आवश्यक कदम उठाने को प्रतिबद्ध है।

इसके अलावा जेटली ने बजट में कहा कि झारखंड और गुजरात में दो नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान स्थापित किए जाएंगे। बजट में उचित मूल्यों पर औषधि की उपलब्धता और औषधि व सौंदर्य प्रसाधन नियमावली में संशोधन करने का भी प्रस्ताव दिया गया है। चिकित्सा उपकरणों को विनियमित करने के लिए नई नियमावली तैयार की जाएगी। यह नियम अंतर्राष्ट्रीय नियमों के अनुसार और इस क्षेत्र में निवेश को आकर्षित करेंगे। इससे इन उपकरणों की लागत कम होने की उम्मीद है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493