बादल परिवार ने पैतृक गांव में डाले वोट

चंडीगढ़, 4 फरवरी (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उनके बेटे व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल तथा बहू व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने शनिवार को अपने पैतृक बादल गांव में वोट डाला।

यह लंबी विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है, जिसका प्रतिनिधित्व मुख्यमंत्री करते हैं।

बादल (89) और उनके परिवार के सदस्य कड़ी सुरक्षा के बीच गांव के मतदान केंद्र पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने वोट डालने के बाद कहा, “हम आसानी से जीतेंगे। पंजाब शांति और विकास चाहता है।”

लंबी विधानसभा सीट पर बादल का मुकाबला पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और आम आदमी पार्टी (एएपी) के उम्मीदवार जरनैल सिंह से है।

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने वोट डालने के बाद संवाददाताओं से कहा, “इस बार हम बेहतर जीत दर्ज करेंगे। अमरिंदर सिंह की जमानत जब्त हो जाएगी।”

बादल के बड़े भाई गुरदास बादल पहले ही वोट डालने पहुंचे।

मुख्यमंत्री के भतीजे और पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री मनप्रीत बादल (गुरदास बादल के बेटे) ने भी इसी मतदान केंद्र पर वोट डाला।

वर्ष 2007 से पंजाब में सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन को कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) से कड़ी चुनौती मिल रही है।

सुखबीर बादल को जलालाबाद विधानसभा सीट पर दो सांसदों भगवंत मान (आप) और रवनीत सिंह बिट्टू (कांग्रेस) से चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493