कोलकाता, 4 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में कथित तौर पर एक 25 वर्षीया गृहिणी की उसके पति ने गोली मारकर हत्या कर दी।
फाल्टा पुलिस थाने के प्रभारी समिल्त मंडल ने कहा, “दक्षिण 24 परगना जिले के फाल्टा में साराघाट क्षेत्र के पास शुक्रवार आधी रात घर में ही महिला को उसके सिर पर गोली मारी गई।”
उन्होंने कहा, “हमने मृतका के पति मैदुल इस्लाम को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है।”
पुलिस के मुताबिक, मृतका के माता-पिता ने इस्लाम पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने आपसी झगड़े के दौरान अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी।
हालांकि, मृतका के पति ने सभी आरोपों का खंडन करते हुए कहा है कि शुक्रवार रात कुछ बाहरी लोगों ने उसकी पत्नी को गोली मार दी।
अधिकारी ने कहा, “इस्लाम ने अपनी पत्नी की हत्या के लिए बाहरी लोगों को जिम्मेदार ठहराया है। आरोपी के पास से अभी तक कोई बंदूक बरामद नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है।”
dharmpath.com dharmpath