तेहरान, 6 फरवरी (आईएएनएस)। ईरान के विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने सोमवार को कहा कि देश के प्रति अमेरिकी सरकार की नीतियां ‘शत्रुतापूर्ण और धमकान वाली’ हैं।
प्रवक्ता बहराम कासेमी ने अपनी साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा, “इसमें (अमेरिकी नीतियों में) कोई हैरानी की बात नहीं है और यह हमारे लिए कोई खास महत्वपूर्ण भी नहीं है।”
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, “मुझे लगता है कि हमें संयम बरतना चाहिए और नए अमेरिकी प्रशासन की नीतियों पर जल्दीबाजी में कोई टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।”
उन्होंने कहा, “हमें इंतजार करना चाहिए और देखना चाहिए कि वे वैश्विक मुद्दों से कैसे निपटते हैं।”
अमेरिका ने तीन फरवरी को ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम में शामिल कई व्यक्तियों और कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया था।
अमेरिका ने यह कदम ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण करने के कुछ दिनों बाद उठाया था और साथ ही देश को कड़े शब्दों में चेतावनी भी दी थी।
अमेरिकी वित्त विभाग ने एक बयान में कहा कि यह कार्रवाई ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और क्षेत्र में अस्थिरता फैलाने की गतिविधियों के मद्देनजर उस पर प्रतिबंध लगाने की अमेरिका की प्रतिबद्धता दर्शाती है।
वहीं, ईरान ने ताजा प्रतिबंधों पर जवाबी कार्रवाई का फैसला किया है।
dharmpath.com dharmpath