गुरुग्राम, 8 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य रेखा शर्मा ने बुधवार को यहां कहा कि हरियाणा की पुलिस निकम्मी है और महिलाओं के खिलाफ अपराध से निपटने का पुलिस कर्मियों का रवैया और उनकी योग्यता संतोषजनक नहीं है।
महिलाओं से संबंधित मामलों की जन सुनवाई के लिए शर्मा विगत दो दिनों से गुरुग्राम में थीं।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “गुरुग्राम पुलिस अधिक कार्यकुशल नहीं है और यहां होने वाले अपराधों से निपटने के लिए उसे विशेष प्रशिक्षण की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच करने वाले जांच अधिकारी मामला बंद करने के लिए हमेशा तत्पर प्रतीत होते हैं।
शर्मा ने आगे कहा कि मिलेनियम शहर में तैनात महिला पुलिसकर्मियों की संख्या भी पर्याप्त नहीं है।
महिला आयोग की समिति के समक्ष कुल 125 मामले रखे गए थे, जिनमें से 70 मामलों का मंगलवार को निपटारा किया गया और शेष मामलों को बुधवार को निपटा दिया गया।
उन्होंने पाया कि राज्य महिला आयोग के प्रति भी पुलिसकर्मियों का रवैया ठीक नहीं हैं।
dharmpath.com dharmpath