मुंबई, 8 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय राज्य तमिलनाडु में बढ़ते राजनीतिक संकट के बीच महाराष्ट्र के राज्यपाल सी. वी. राव गुरुवार को दोपहर बाद चेन्नई जाएंगे। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
राव के पास तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार भी है।
एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, “राज्यपाल कल (गुरुवार) दोपहर बाद चेन्नई पहुंचेंगे। उनके आगे के कार्यक्रम का विवरण उपलब्ध नहीं है।”
मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम के अचानक इस्तीफे के बाद बीते रविवार को सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक में नेतृत्व को लेकर रस्साक शी शुरू हो गई। पन्नीरसेल्वम ने बाद में आरोप लगाया कि उन्हें इस्तीफा देने को मजबूर किया गया।
अन्नाद्रमुक विधायकों का एक वर्ग वी.के. शशिकला के पक्ष में है। शशिकला पूर्व मुख्यमंत्री जे.जयललिता की करीबी सहयोगी रही हैं, जिनका बीते साल 5 दिसंबर को निधन हो गया।
सूत्रों ने कहा कि राज्यपाल बीते चार दिनों से तमिलनाडु की राजनीति पर करीबी नजर रखे हुए हैं।
सूत्रों ने कार्यकारी मुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम और एआईएडीएमके की अंतरिम महासचिव शशिकला, दोनों को अपना बहुमत साबित करने के लिए राज्यपाल द्वारा बुलाने की खबरों को ‘महज अनुमान’ बताया।
सूत्रों ने कहा, “राज्यपाल स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं। जैसे ही वह अपनी योजना को अंतिम रूप देंगे, इसकी सूचना दे दी जाएगी।”
dharmpath.com dharmpath