चेन्नई, 9 फरवरी (आईएएनएस)। तमिलनाडु में जारी राजनीतिक गहमागहमी के बीच राज्यपाल सी. विद्यासागर राव गुरुवार को राज्य लौट सकते हैं। उनके दोपहर तक राज्य लौटने की सूचना है।
सूत्रों के अनुसार, राज्यपाल के यहां पहुंचने पर ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) महासचिव वी.के. शशिकला उनसे मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश कर सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि एआईएडीएमके में मची आंतरिक कलह की वजह से पार्टी विधायक दल की नेता चुने जाने के बाद भी शशिकला के मुख्यमंत्री बनने को लेकर अनिश्चतता बरकरार है। राज्यपाल पिछले चार दिनों से यहां नहीं थे। वह पहले दिल्ली और फिर मुंबई चले गए थे, जिस वजह से शशिकला सरकार बनाने का अपना दावा पेश नहीं कर सकीं।
शशिकला के गुट ने राज्य में पल-पल बदलते घटनाक्रम के बीच राज्य से राज्यपाल की गैर-मौजूदगी को लेकर सवाल उठाए हैं।
सूत्रों का कहना है कि हालांकि राज्यपाल पिछले चार दिनों से राज्य में नहीं थे, लेकिन वह यहां के राजनीतिक घटनाक्रम पर करीब से नजर बनाए हुए थे और राज्य पहुंचने के बाद जल्द ही वह यहां व्याप्त राजनीतिक संकट को दूर करने की दिशा में कदम उठाएंगे।
जानकारों के अनुसार, राज्यपाल या तो कार्यवाहक मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम को पद पर बने रहने दे सकते हैं या शशिकला को शपथ दिला सकते हैं अथवा उनसे सर्वोच्च न्यायालय में लंबित आय से अधिक संपत्ति के मामले में अंतिम फैसला आने तक इंतजार करने को कह सकते हैं। एक अन्य विकल्प राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने का भी है।
शशिकला के खिलाफ मंगलवार रात खुलकर बगावत करने वाले पन्नीरसेल्वम ने बुधवार को कहा था कि वह अपना इस्तीफा वापस लेने को तैयार हैं। उन्होंने विधानसभा में विश्वास प्रस्ताव के दौरान बहुमत साबित करने का दावा भी किया है। हालांकि उनके समर्थन में अभी तक सिर्फ पांच विधायक ही खुलकर सामने आए हैं।
dharmpath.com dharmpath