बर्लिन, 9 फरवरी (आईएएनएस)। शाल्के और डार्टमंड क्लब ने जर्मन कप फुटबाल टूर्नामेंट में बुधवार रात खेले गए अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, शाल्के ने सैंडहॉजेन क्लब को 4-1 से और डार्टमंड क्लब ने हेर्था बर्लिन को पेनाल्टी शूटआउट में 3-2 से मात दी।
शाल्के ने कमजोर माने जाने वाले सैंडहॉजेन क्लब के खिलाफ चार गोल दागे। क्लब ने पहले हाफ में ही तीन गोल दागे थे। टीम के लिए ये तीन गोल एलसेंड्रो स्कोएफ (38वें), डेनियल केलिगिउरी (43वें मिनट) और नाल्डो (46वें मिनट) में किए।
दूसरे हाफ में 64वें मिनट में सैंडहॉजेन क्लब के लिए एंड्रयू वूटन ने गोल किया। यह क्लब की ओर से किया गया एकमात्र गोल था। शाल्के के येवहेन कोनोप्लेयंका ने 71वें मिनट में एक और गोल दागा और 4-1 से जीत हासिल कर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
डार्टमंड और बर्लिन के बीच हुआ मुकाबला रोमांचक रहा।
मैच के पहले हाफ के 27वें मिनट में बर्लिन के सालोमोन कालोउ ने गोल किया और क्लब को 1-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में डार्टमंड के मार्को रियूस ने (47वें मिनट) में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर किया।
मुकाबले के परिणाम के लिए दोनों टीमों को पांच-पांच बार पेनाल्टी पर गोल करने का मौका दिया, जिसमें डार्टमंड तीन गोल करने में सफल रहा, वहीं बर्लिन की टीम केवल दो ही गोल कर पाई। डार्टमंड ने 3-2 से जीत हासिल कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
dharmpath.com dharmpath