कोलकाता, 9 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में सुरक्षाकर्मियों के साथ झड़पों के दौरान अस्वस्थ हुए विपक्ष के नेता अब्दुल मन्नान को गुरुवार को अपोलो ग्लेनईगल्स अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “उन्हें आपातकालीन वॉर्ड में रखा गया है, जहां डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद इलाज के बारे में फैसला लिया जाएगा।”
मन्नान को विधानसभा अध्यक्ष विमान बनर्जी द्वारा सदन से निलंबित किए जाने के बाद सुरक्षाकर्मी उन्हें जबरन बाहर निकाल रहे थे, जिसके बाद उन्हें उच्च रक्तचाप और दिल की धमनियों में रुकावट (हार्ट ब्लॉकेज) के कारण मध्य कोलकाता के जी.डी. अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मन्नान और अन्य विपक्षी विधायक पश्चिम बंगाल लोक व्यवस्था रखरखाव (संशोधन) विधेयक, 2017 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। यह विधेयक ममता बनर्जी सरकार द्वारा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने से रोकथाम के लिए लाया गया है।
मन्नान 30 नवंबर, 2006 को तत्कालीन विपक्षी तृणमूल सदस्यों द्वारा विधानसभा की लॉबी में तोड़फोड़ किए जाने संबंधी पोस्टर और तख्तियां प्रदर्शित कर रहे थे। पोस्टर और तख्तियां हटाने का आदेश न मानने पर अध्यक्ष ने मन्नान को दो दिनों के लिए निलंबित कर दिया।
मन्नान अध्यक्ष के आदेश को नजरअंदाज करके अध्यक्ष के आसन के पास चले गए। अन्य कांग्रेस नेता भी हंगामे में शामिल थे।
dharmpath.com dharmpath