महोबा, 9 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के अजनर थाना क्षेत्र के खमा गांव में रात में फसल की रखवाली करने गए एक वृद्ध किसान का शव पुलिस ने खेत में बने कुएं से बरामद कर परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। यह जानकारी गुरुवार को एएसपी ने दी।
अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सक्सेना ने बताया कि खमा गांव का वृद्ध किसान प्रभुदयाल राजपूत रात में अपने बेटे के साथ खेत में खड़ी फसल की रखवाली करने गया था, रात में दोनों अलग-अलग खेतों में सो गए थे। सुबह वृद्ध का शव खेत में बने कुएं में पड़ा पाया गया, जिसे मौके पर गई पुलिस ने बरामद कर लिया है।
उन्होंने बताया कि थाने में दी तहरीर में मृतक के बेटे अरविंद ने गांव के ही प्रहलाद, हरी सिंह, वीरेंद्र, संतोष व बिल्ला के खिलाफ हत्या कर शव कुएं में फेंके जाने का आरोप लगाया है, उसकी तहरीर के आधार पर सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है, फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
dharmpath.com dharmpath