सपा फिर सत्ता में आई तो महिलाओं का सम्मान बढ़ेगा : डिंपल

सांसद ने कहा कि साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और पुख्ता करने के लिए पुलिस प्रणाली में सुधार किए जाएंगे। आत्मविश्वास से लबरेज डिंपल ने युवाओं से कहा, “आपके भैया औरों की अपेक्षा बोलते कम हैं, लेकिन अगर कोई काम करने की ठान लेते हैं, तो उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। इसका उदाहरण यह है कि उन्होंने प्रदेश में मेट्रो और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे कम समय में बनवा कर आपके हवाले कर दिया है।”

उप्र के सबसे बड़े राजनीतिक घराने की बहू डिंपल यादव ने कानपुर नगर व देहात में गुरुवार को जमकर चुनाव प्रचार किया। उन्होंने कानपुर नगर की एक तो देहात की दो सीटों पर महिला प्रत्याशियों के लिए प्रचार किया। कानपुर की महाराजपुर सीट पर उन्होंने सपा प्रत्याशी अरुणा तोमर के लिए वोट मांगे।

बड़ी सादगी से विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “हम समाजवादी लोग हैं, जिनकी कथनी और करनी में अंतर नहीं है।”

डिंपल ने कहा, “कानपुर उत्तर भारत का मैनचेस्टर के नाम से जाना जाता था, लेकिन केंद्र सरकार की उपेक्षा के चलते आज मिलें बंद पड़ी हैं। हमारी सरकार बनी तो इन्हें शुरू कराए जाने के लिए केंद्र सरकार से नए सिरे से बात की जाएगी।”

सांसद डिंपल के मंच पर पहुंचते ही पार्टी नेताओं ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। मंच पर अरुणा तोमर, लाल सिंह तोमर, जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह यादव सहित कई पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।

डिंपल यादव दोपहर करीब दो बजे के आसपास राज्यसभा सांसद व अभिनेत्री जया बच्चन के साथ कानपुर देहात की जनसभा के बाद नौबस्ता स्थित रेस कोर्स मैदान पहुंचीं। यहां पर हजारों की संख्या में महिला, पुरुष, युवक व युवतियां उन्हें सुनने आई थीं।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “जुमलेबाजों के बहकावे में मत आना, साइकिल के चुनाव चिह्न पर ही बटन दबाना। मोदी सरकार ने विकास के नाम पर ढाई साल के कार्यकाल के दौरान कुछ भी नहीं किया। नोटबंदी कर लोगों को बैंकों के बाहर खड़ा करवा दिया। कानपुर देहात में ही बैंक में नोट बदलने के लिए लाइन में लगी महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया था और लोगों ने उसका नाम खजांची रखा था।”

सांसद ने केंद्र सरकार की नोटबंदी पर निशाना साधते हुए जनता से पूछा, “अच्छे दिन दिखे क्या?” दर्शक दीर्घा से आवाज आई, “भाभी जी, अभी तक नहीं दिखे।”

डिंपल ने कहा, “दूसरी पार्टियों में कथनी और करनी में अंतर होता है, इसलिए सावधान रहें। साइकिल ही उत्तर प्रदेश को प्रगति के पथ पर ले जाएगी। हम समाजवादी लोग जो कहते हैं, उससे ज्यादा करके दिखाते हैं। हमारे घोषणा-पत्र में मेट्रो नहीं था, बावजूद इसके कम समय में ट्रैक पर ट्रेन दौड़ने जा रही है।”

कन्नौज की सांसद पहली बार चुनाव प्रचार के लिए कानपुर पहुंचीं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया और कहा कि मुख्यमंत्री ने ‘डायल 100’ की योजना लागू की है, जिसमें महिलाएं किसी भी मुश्किल में पुलिस की मदद ले सकती हैं। एम्बुलेंस के लिए ‘डायल 108’ लागू है, जो एक फोन पर आपके द्वार तक पहुंचती है।

उन्होंने कहा कि बिजली अब 24 घंटे मिल रही है। अंडर ग्राउंड केबिल का काम सपा सरकार में ही हुआ।

डिंपल ने भाजपा पर वार करते हुए कहा, “भाजपा ने समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र की नकल की है। समाजवादी पार्टी की सरकार ने करीब 18 लाख लैपटॉप बांटे हैं। हमने जिस तरीके से लैपटॉप बांटे उसी तरह अगली सरकार बनने पर स्मार्टफोन घर-घर पहुंचाएंगे। स्मार्टफोन के जरिए जनता को जानकारी होगी कि सरकार की क्या योजनाएं चल रही हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493