बिहार : पत्नी की चिता के पास जाकर पति ने दे दी जान

पूर्णिया, 9 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र में पत्नी प्रेम का अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है। एक पति पत्नी की जुदाई सहन नहीं कर सका और उसकी चिता के पास जाकर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस के अनुसार, जलालगढ़ थाना के रामडेली गांव का रहने वाला लड्डू शर्मा राजस्थान में किसी निजी कंपनी में काम करता था। इसी क्रम में उसे कोमल नाम की एक लड़की से प्यार हो गया। इन दोनों का जीवन खुशी से गुजर रहा था। इसी दौरान कोमल गर्भवती हो गई।

लड्डू ने अपनी पत्नी कोमल को चार महीने पूर्व अपने पैतृक गांव रामडेली पहुंचा दिया। इसी क्रम में कुछ दिन पूर्व कोमल की मौत प्रसव के दौरान हो गई। इसके बाद लड्डू छह फरवरी को गांव आया, लेकिन वह अपने घर नहीं गया।

लड्डू के पिता सदानंद शर्मा बताते हैं कि उसे घर चलने के लिए लोगों ने कहा, लेकिन उसका जवाब था, “जब पत्नी ही चली गई तो घर जाकर क्या करें।”

इस दौरान बुधवार की सुबह जब लोग श्मशान घाट के पास गए तो लड्डू का शव वहीं पड़ा हुआ था, जहां कोमल को मुखाग्नि दी गई थी। उसके मुंह से झाग निकाल रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दे दी।

जलालगढ़ थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने गुरुवार को बताया, “प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493