लखनऊ, 10 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान शनिवार को होगा। शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान में पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर होगी।
मतदान पश्चिमी उप्र के 15 जिलों की 73 सीटों पर होना है। पहले चरण में 839 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन उम्मीदवारों में से कई रसूखदार प्रत्याशी हैं तो कई प्रत्याशी अपनी सियासी विरासत के साथ चुनाव मैदान में उतरे हैं।
राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के पौत्र एवं सांसद राजबीर सिंह के बेटे संदीप सिंह अलीगढ़ जिले की अतरौली विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी हैं। यह वही सीट है जहां से खुद कल्याण सिंह विधानसभा पहुंचे थे। अब संदीप को अपने दादा कल्याण सिंह की विरासत बचानी है।
मथुरा विधानसभा सीट से कांग्रेस नेता प्रदीप माथुर खुद चुनाव मैदान में हैं। यहां सपा-कांग्रेस के गठबंधन के बाद माथुर की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। हालांकि यहां माथुर को भाजपा के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा और रालोद के अशोक अग्रवाल से चुनौती मिल रही है।
समाजवादी पार्टी के थिंक टैंक रामगोपाल की भी पहले चरण में परीक्षा होगी। जसराना से सपा के विधायक रामवीर सिंह टिकट कटने के बाद अब लोकदल से चुनाव लड़ रहे हैं। रामवीर सिंह तो मुलायम सिंह यादव के रिश्तेदार भी हैं।
जाटों के नेता माने जाने वाले राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) प्रमुख चौधरी अजित सिंह के लिए यह चरण काफी अहमियत वाला है। किसी भी बड़े दल से गठबंधन न होने से चौधरी ने खुद अकेले दम पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था। अब चौधरी का मुकाबला जहां सपा-कांग्रेस गठबंधन से है, वहीं भाजपा से भी सीधा मुकाबला है।
चौधरी ने पिछले 2012 के चुनाव में नौ सीटों पर जीत हासिल की थी। अब रालोद ने यहां से 59 प्रत्याशी अपने उतारे हैं। चुनाव बाद नतीजे ही तय करेंगे कि चौधरी की उप्र में सियासी हनक बढ़ेगी या नहीं।
उल्लेखनीय है कि पहले चरण में शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्घ नगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद व एटा के साथ कासगंज में मतदान होगा।
dharmpath.com dharmpath