कोट्टारकारा (केरल), 10 फरवरी (आईएएनएस)। केरल में सेना इनाथु में बेली पुल का निर्माण करेगी। एक सैन्य अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बेली पुल ऐसा पुल होता है जिसके पहले से बनाए ढांचे के हिस्सों को एक-दूसरे से जोड़कर बहुत कम समय में तैयार किया जा सकता है। इसे उठाकर एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जा सकता है। इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल द्वितीय विश्व युद्ध से किया जा रहा है और इससे वाहन भी गुजर सकते हैं।
राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री जी. सुधाकरन ने गुरुवार को इनाथु से लोकसभा सदस्य कोडिकुन्निल सुरेश और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को पत्र लिखकर इस पुल के निर्माण में भारतीय सेना की मदद का आग्रह किया था।
पर्रिकर ने तुरंत इस आग्रह को स्वीकार कर लिया। सेना के इंजीनियरिंग अधिकारियों के एक दल ने लेफ्टिनेंट कर्नल रवि राजेंद्रन की अगुवाई में शुक्रवार को इनाथु में स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां बेली पुल बनाए जाने की बात कही।
इनाथु, कोट्टारकारा से 12 किमी दूर है। यह तब सुर्खियों में आया जब कोल्लम जिले में 18 साल पुराने पुल के दो खंभों में नुकसान की वजह से इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया।
पुल बंद होने के बाद यातायात पर बहुत बुरा असर पड़ा है। केरल सरकार ने अपनी पहले की एक रिपोर्ट में कहा है कि पुल को फिर से खोलने में समय लगेगा क्योंकि मरम्मत में काफी समय लग सकता है।
dharmpath.com dharmpath