मैनचेस्टर, 12 फरवरी (आईएएनएस)। मैनचेस्टर युनाइटेड ने इंग्लिश प्रीमियर लीग के 25वें दौर में शनिवार देर रात खेले गए मुकाबले में वाटफोर्ड को 2-0 से मात दी।
बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस जीत के साथ ही युनाइटेड क्लब ने लीग सूची में पांचवां स्थान हासिल कर लिया था, लेकिन इसी दिन लीवरपूल क्लब ने अपने मैच में जीत हासिल कर युनाइटेड क्लब को एक बार फिर छठे स्थान पर धकेल दिया।
मुकाबले के पहले हाफ के 32वें मिनट में जुआन माटा ने गोल दागकर युनाइटेड क्लब को 1-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में एंथनी मार्शियल (60वें मिनट) ने गोल दागकर क्लब को जीत दिलाई।
युनाइटेड क्लब के कोच जोस मोरिन्हो ने मैच के बाद कहा, “मुकाबले के पहले हाफ का खेल शानदार था। गोल करने के बाद क्लब के लिए प्रशंसकों का समर्थन साफ देखा जा रहा था। हमने अधिक गोल हासिल नहीं किए हैं। इसलिए इस प्रकार का स्कोर बनाए रखना जरूरी है। मैं टीम के प्रदर्शन से खुश हूं।”
वर्तमान में लीग सूची में युनाइटेड क्लब 48 अंकों के साथ छठे स्थान पर है, वहीं चेल्सी 59 अंकों के साथ शीर्ष पर है।
dharmpath.com dharmpath