चेन्नई, 12 फरवरी (आईएएनएस)। एआईएडीएमके की महासचिव वी.के. शशिकला ने रविवार को कहा कि पार्टी विधायकों के परिवार के सदस्यों को धमकाया जा रहा है और पार्टी अगले कदम की योजना तैयार कर रही है।
शशिकला ने समुद्र तट पर स्थित रिसॉर्ट में संवाददाताओं से कहा कि विपक्ष अफवाह फैला रहा है कि विधायकों को बंधक बनाकर रखा गया है।
शशिकला ने कहा, “यहां विधायकों ने मुझसे कहा कि उनके परिवार के सदस्यों को फोन पर धमकाया जा रहा है। उन्होंने अपने रिश्तेदारों से कहा है कि वे अपने बच्चों का ख्याल रखें।”
शशिकला ने शनिवार को घोषणा की थी कि यदि राज्यपाल ने उन्हें सरकार गठन के लिए नहीं बुलाया तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस योजना के बारे में पूछे जाने पर शशिकला ने कहा, “उसके लिए कुछ तैयारियां की जा रही हैं।”
शशिकला ने कहा कि उन्हें पता है कि पार्टी के बारे में अफवाह कौन लोग फैला रहे हैं।
सरकार गठन के लिए बुलाने में राज्यपाल की ओर से हो रही देरी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कारण सभी को पता है, लेकिन उन्होंने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा।
dharmpath.com dharmpath