बाफ्टा में ‘ला ला लैंड’ की धूम, देव पटेल ने भी छोड़ी छाप (राउंडअप)

लंदन, 13 फरवरी (आईएएनएस)। हॉलीवुड की रोमांटिक संगीतमय फिल्म ‘ला ला लैंड’ ने 70वें बाफ्टा अवॉर्डस में पांच श्रेणियों में पुरस्कार जीते। इसे 11 श्रेणियों में नामांकन मिला था। भारतीय मूल के अभिनेता देव पटेल को फिल्म ‘लॉयन’ के लिए सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता का पुरस्कार मिला।

यहां रॉयल अल्बर्ट हॉल में रविवार को हुए 70वें बाफ्टा अवार्ड्स में ‘ला ला लैंड’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार डेमियन चेजल ने जीता, जबकि इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार एमा स्टोन, मूल संगीत के लिए जस्टिन हरविट्ज और सिनेमेटोग्राफी के लिए लिनस सैंडग्रेन को बाफ्टा पुरस्कार मिला।

स्टोन ने इस फिल्म में काम करने को जीवन के सबसे शानदार अनुभवों में से एक बताया।

वेबसाइट ‘वेराइटी डॉट कॉम’ के मुताबिक, अभिनेत्री ने ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स (बाफ्टा) को धन्यवाद दिया।

फिल्म एक जैज पियानोवादक और एक महात्वाकांक्षी अभिनेत्री के बीच रोमांस पर आधारित है, जो अपने सपनों को साकार करने की कोशिश में लगे रहते हैं। ‘ला ला लैंड’ ने पिछले महीने हुए 74वें गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स में सात पुरस्कार जीते थे।

वहीं, केसी एफ्लेक ने फिल्म ‘मैनचेस्टर बाई द सी’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीता।

फिल्म ‘मैनचेस्टर बाई द सी’, ‘फेंसेज’, ‘लॉयन’, ‘अराइवल’, ‘हैक्सॉ रिज’, ‘जैकी’ और ‘फ्लोरेंस फॉस्टर जेनकिंस’ ने विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार जीते। समारोह में ड्यूक ऑफ कैम्ब्रिज प्रिंस विलियम तथा डचेस ऑफ कैम्ब्रिज केट मिडिलटन ने भी शिरकत की।

निर्देशक केन लोच की फिल्म ‘आई, डेनियल ब्लेक’ ने सर्वश्रेष्ठ ब्रिटिश फिल्म का पुरस्कार जीता।

हंगरी के निर्देशक लैसज्लो नेमेस की फिल्म ‘सन ऑफ सॉल’ ने सर्वश्रेष्ठ गैर-अंग्रेजी भाषी फिल्म का पुरस्कार जीता, जबकि ‘कुबो एंड द टू स्ट्रिंग्स’ ने सर्वश्रेष्ठ एनिमेटेड फिल्म और ‘द जंगल बुक’ ने स्पेशल विजुअल इफेक्ट्स के लिए पुरस्कार जीता।

भारतीय मूल के ब्रिटिश अभिनेता देव पटेल को 70वें बाफ्टा अवॉर्ड्स में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के पुरस्कार से नवाजा गया। देव को ‘लॉयन’ में निभाए उनके किरदार के लिए यह पुरस्कार मिला है। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ ‘अडेप्टिड स्क्रीनप्ले’ का पुरस्कार भी मिला।

‘स्लमडॉग मिलियनेर’ में मुख्य भूमिका निभाने वाले देव के नाम को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता की श्रेणी में एरॉन टेलर-जॉनसन (नॉकटर्नल एनिमल), जेफ ब्रिजेस (हेल और हाई वॉटर), हॉफ ग्रांट (फ्लोरेंस फोस्टर जेंकिंस) और महेरशाला अली (मूनलाइट) के साथ नामांकित किया गया था।

पटेल ने आईएएनएस से पूर्व में कहा था, “अगर मैं कहूं कि पुरस्कार मायने नहीं रखते तो यह झूठ होगा। आवॉर्डस किसी का करियर बदल सकते हैं। आपको इससे पहचान मिलती है।”

गार्थ डेविस निर्देशित फिल्म ‘लॉयन’ सारू ब्रियर्ले की आत्मकथा ‘ए लांग वे होम’ पर आधारित है। यह एक भारतीय लड़के की सच्ची कहानी है, जो ट्रेन में सोते हुए अपने घर से मीलों दूर अनजानों के बीच में पहुंच जाता है। बाद में एक ऑस्ट्रेलियाई दंपति उसे गोद लेता है, पर इस बीच उसे भाषा सहित कई अन्य चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493