चंडीगढ़, 14 फरवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) से आग्रह किया कि राज्य में उन सभी इमारतों में किसी भी प्रकार की गतिविधि पर रोक लगा दी जाए, जहां इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (ईवीएम) रखी गई हैं।
आप के राज्य संयोजक गुरप्रीत सिंह वरैच और अन्य नेताओं ने कहा कि पटियाला में सोमवार को हुए हादसे के बाद किसी भी प्रकार की तोड़फोड़ की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को पटियाला में निर्वाचन अधिकारी ने उस स्थान से पुरानी ईवीएम मशीनों को हटाने की अनुमति दी थी, जहां चालू हालत के ईवीएम रखी गईं थीं।
आप नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने भले ही स्पष्ट किया है कि जिलाधिकारी द्वारा स्थानांतरित की गई ईवीएम मशीनें नगर निगम चुनाव में इस्तेमाल की गई थीं, लेकिन यह कार्य असामान्य और संदिग्ध है।
गुरप्रीत ने कहा, “चुनाव के समाप्त होने तक कोई भी जिला अधिकारी ईवीएम मशीनों के स्थान पर नहीं जा सकता।”
आप नेता ने कहा कि उनकी पार्टी के करीब 15,000 स्वयंसेवक उन सभी स्थानों की एक गार्ड की तरह 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं, जहां ईवीएम मशीनें रखी गई हैं।
गुरप्रीत ने कहा, “ये सभी स्वयंसेवक सत्तारूढ़ शिरोमणि अकाली दल- भारतीय जनता पार्टी (भाजापा) गठबंधन द्वारा किसी भी प्रयास को विफल करने के लिए निगरानी कर रहे हैं। अकाली दल के नेता अपनी होने वाली हार से परेशान हैं और वे ईवीएम मशीनों के साथ छेड़छाड़ करने के लिए कोई भी कदम उठा सकते हैं। निर्वाचन आयोग को इन इमारतों में किसी भी अधिकारी को प्रवेश की अनुमति नहीं देनी चाहिए।”
पंजाब में 117 विधानसभा सीटों के लिए मतदान चार फरवरी को हुए थे। इस चुनाव से 1,145 उम्मीदवारों के भविष्य का फैसला होगा।
इस चुनाव में मुख्य मुकाबला अकाली दल-भाजपा गठबंधन, कांग्रेस और आप के बीच है।
dharmpath.com dharmpath