मोदी ने 104 उपग्रहों के प्रक्षेपण पर इसरो को बधाई दी

नई दिल्ली, 15 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक साथ 104 उपग्रहों को प्रक्षेपित करने के लिए इसरो को बुधवार को बधाई देते हुए इसे देश के लिए गौरवान्वित क्षण बताया।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, “भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को पीएसएलवी-सी37 और 103 नैनो उपग्रहों के साथ काटरेसैट उपग्रह को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करने के लिए बधाई।”

मोदी ने कहा, “इसरो का यह उल्लेखनीय कदम हमारे अंतरिक्ष वैज्ञानिक समुदाय और देश के लिए एक और गौरवान्वित पल है। देश हमारे वैज्ञानिकों को सलाम करता है।”

भारतीय रॉकेट ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान (पीएसएलवी) ने बुधवार सुबह सफलतापूर्वक एक साथ 104 उपग्रहों को लेकर उड़ान भरी। इसमें देश का पृथ्वी अवलोकन उपग्रह काटरेसैट-2 सीरीज भी था।

अन्य उपग्रहों में 101 नैनो उपग्रह हैं, जिनमें से इजरायल, कजाकस्तान, द नीदरलैंड्स, स्विट्जरलैंड व संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के एक-एक और अमेरिका के 96 तथा भारत के दो नैनो उपग्रह शामिल हैं।

मोदी ने कहा, “अंतरिक्ष विभाग के सचिव से बात की और उन्हें व वैज्ञानिकों की पूरी टीम के वैज्ञानिकों को इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर बधाई दी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493