कश्मीर में अलगाववादियों के मार्च के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी

श्रीनगर, 15 फरवरी (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में बुधवार को अलगाववादियों की ओर से आहूत विरोध मार्च को देखते हुए भारी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

अलगाववादियों ने कुलगाम जिले तक के लिए मार्च का आह्वान किया था, जहां सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए थे। इस दौरान दो नागरिकों की भी जान चली गई थी, जबकि सेना के दो जवान भी शहीद हो गए थे।

पुलिस के मुताबिक, यहां कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “हमने यहां और दक्षिण कश्मीर के क्षेत्रों में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की है।”

घाटी में सोमवार के बाद से तीन अलग-अलग मुठभेड़ों में नौ आतंकवादी मारे गए, जबकि छह जवान शहीद हो गए और दो नागरिकों की भी जान गई।

जम्मू एवं कश्मीर पुलिस प्रमुख एस.पी.वैद ने कहा कि सुरक्षाबल सभी तरह की चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह से चौकस हैं। 2016 मेंयहां पैदा हुए अशांति के हालात को दोहराने के प्रयास को विफल कर दिया जाएगा।

इस बीच, यहां सार्वजनिक एवं निजी परिवहन के साधन, दुकानें और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों का कामकाज सामान्य रूप से चल रहा है।

अलगाववादियों द्वारा आहूत विरोध मार्च से उपजे तनाव की वजह से दक्षिण कश्मीर के कुलगाम, अनंतनाग और शोपियां जिलों में जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493