चेन्नई, 15 फरवरी (आईएएनएस)। ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के एक विधायक ने बुधवार को पुलिस से शिकायत की कि उन्हें जबरदस्ती एक बीच रिसॉर्ट में रखा गया, जिसके बाद सैकड़ों की तादाद में पुलिसकर्मी उस रिसॉर्ट में पहुंच गए। इस बीच रिसॉर्ट में पार्टी महासचिव वी.के.शशिकला के समर्थक विधायकों को पिछले कई दिनों से रखा गया है।
मदुरै दक्षिण विधासभा क्षेत्र से विधायक एस.एस.सरवनन ने शशिकला तथा ई.पलानिसामी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। ई.पलानिसामी को शशिकला की जगह विधायक दल का नेता चुना गया है।
सरवनन ने कार्यवाहक मुख्यमंत्री ओ.पन्नीरसेल्वम का समर्थन करते हुए यहां सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि वह रिसॉर्ट की दीवार फांदकर भाग निकले।
उन्होंने कहा कि रिसॉर्ट से भागने के लिए उन्हें अपना भेष बदलना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें उनकी मर्जी के बगैर वहां रखा गया।
कई विधायकों ने बुधवार को संवाददाताओं से यही मुद्दा उठाया।
लेकिन सरवनन की शिकायत के बाद भारी संख्या में पुलिसकर्मी रिसॉर्ट पहुंचे।
एक विधायक थेनारासू ने संवाददाताओं से कहा कि अगर उनके नेता को राज्यपाल सरकार गठन के लिए आमंत्रित करते हैं, तो विधायक रिसॉर्ट खाली कर देंगे।
उन्होंने कहा कि अगर पलानिसामी उन्हें ऐसा करने के लिए कहते हैं, तो भी विधायक रिसॉर्ट खाली कर देंगे।
थेनारासू ने कहा कि पुलिस ने कुछ पूछताछ की और वह फिर चली गई। लेकिन घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों ने कहा कि पुलिस अभी भी रिसॉर्ट परिसर के बाहर मौजूद है।
एआईएडीएमके महासचिव शशिकला निचली अदालत के समक्ष समर्पण करने के लिए सड़क मार्ग से बेंगलुरू रवाना हो गईं।
उल्लेखनीय है कि आय से अधिक संपत्ति मामले में शशिकला तथा उनके दो रिश्तेदारों को निचली अदालत द्वारा दोषी ठहराने के फैसले को सर्वोच्च न्यायालय ने मंगलवार को बरकरार रखते हुए तीनों को तत्काल निचली अदालत के समक्ष समर्पण करने और बाकी की सजा भुगतने का निर्देश दिया।
मामले में जयललिता सहित तीनों को कर्नाटक की एक निचली अदालत ने चार साल कैद की सजा सुनाई थी तथा 10 करोड़ रुपये जुर्माना भी लगाया था।
dharmpath.com dharmpath