उप्र में कानून व्यवस्था का हाल बुरा : भाजपा

लखनऊ, 15 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सपा सरकार पर हमला बोलने का धर्म निभाते हुए कहा कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते प्रदेश में मां बहनों की इज्जत-आबरू सुरक्षित नहीं रह सकती।

शर्मा बुधवार को लखनऊ पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष टंडन गोपाल के समर्थन में आयोजित रोड शो में सम्मिलित जनता व पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

सुल्तानपुर में महिला के साथ दुष्कर्म व हत्या के मामले में आरोपी सपा विधायक को मुख्यमंत्री द्वारा संरक्षण दिए जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आखिर इतने गंभीर मामले में भी अभी तक सपा विधायक को पुलिस ने गिरफ्तार क्यों नहीं किया।

हरक सिंह रावत के प्रशंसक शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते समय सपा सरकार के संरक्षण में पले-बढ़े आपराधिक व अराजक तत्वों सहित हत्या, दुष्कर्म की घटनाओं के गुनहगार जेल में होंगे।

शर्मा ने सपा-कांग्रेस के गठबंधन पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि गठबंधन का मूल भ्रष्टाचार व अनाचार है। उत्तर प्रदेश की जनता ऐसे अवसरवादी और अपवित्र गठबंधन को स्वीकार नहीं कर रही है।

उन्होंने बसपा सुप्रीमो मायावती पर दलित महापुरुषों के नाम पर स्मारकों के निर्माण में लाखों-करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मायावती तब कहा थी जब अखिलेश राज में उत्तर प्रदेश में दलितों के घर जलाए जा रहे थे, उन पर कहर बरपाया जा रहा था।

इसके पूर्व भाजपा प्रत्याशी आशुतोष टंडन समर्थन में रिंग रोड से शुरू हुआ रोड शो कंचना बिहारी मार्ग, गायत्रीपुरम, कुर्सी रोड सहित कई अन्य क्षेत्रों से होता हुआ टेढ़ी पुलिया के पास समाप्त हुआ।

रोड शो में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला व प्रदेश मीडिया संपर्क प्रमुख मनीष दीक्षित, क्षेत्रीय महामंत्री दिनेश तिवारी, चेतन सिंह बिष्ट, राजेंद्र तिवारी सहित कई महत्वपूर्ण पार्टी पदाधिकारी व विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493