कांग्रेस देश बचाने के लिए दिल्ली पर ध्यान दें : ममता

कोलकाता, 17 फरवरी (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कांग्रेस को सलाह दी कि उनके राज्य पर नजर गड़ाने के बजाय देश की रक्षा के लिए दिल्ली पर ध्यान केंद्रित करें।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने यहां एक आधिकारिक समारोह में कहा, “कांग्रेस ने लंबे समय तक केंद्र में सरकार चलाई है। उन्हें देश को बचाने के लिए दिल्ली पर ध्यान देना चाहिए। बंगाल पर नजर नहीं रखनी चाहिए।”

ममता बनर्जी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नोटबंदी को ‘एक संगठित लूट’ के बयान का संदर्भ देते हुए केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नरेंद्र मोदी सरकार को आड़े हाथों लिया।

दक्षिण कोलकाता के हरीश पार्क में एक बूस्टर पम्पिंग स्टेशन के उद्घाटन के अवसर पर ममता ने कहा, “मैं एक आम आदमी हूं, लेकिन डॉ मनमोहन सिंह जैसे एक अर्थशास्त्री ने नोटबंदी को एक संगठित लूट बताया है।”

बहुत सारी अटकलें ममता बनर्जी के तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के साथ आने को लेकर लगाई जा रही हैं। हालांकि राज्य कांग्रेस ने आक्रामक तरीके से ममता की अगुवाई वाली सरकार का विरोध विधानसभा के अंदर और बाहर किया है।

उन्होंने भाजपा को ‘लूट और बर्बरता’ की पार्टी बताया और आरोप लगाया कि इसने राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493