विकास न बुआ कर सकती हैं, न भतीजा : अमित शाह

अमित शाह शुक्रवार को बस्ती मंडल के चुनावी दौरे पर थे। सिद्धार्थनगर के इटवा में उन्होंने पहली जनसभा की। अपने भाषण में उन्होंने सपा, बसपा, कांग्रेस पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का विकास न बुआ (मायावती के लिए अखिलेश का संबोधन) कर सकती हैं, न ही भतीजा (अखिलेश के लिए मायावती का संबोधन)। मोदी सरकार दिल्ली से हर 15 दिन पर एक योजना दे रही है लेकिन लखनऊ में बैठी सरकार इसका लाभ जनता तक नहीं पहुंचने दे रही है। सपा सरकार को खराब ट्रांसफार्मर की संज्ञा देते हुए उन्होंने जनता से बदलाव का आह्वान किया।

अखिलेश-राहुल को दो शहजादे कहते हुए अमित शाह ने कहा कि एक से मां, दूसरे से पिता परेशान है और यूपी की जनता दोनों से परेशान है। उन्होंने कहा कि अखिलेश-राहुल भाजपा से ढाई साल का हिसाब मांग रहे हैं। जबकि ये वक्त तो अखिलेश सरकार के जवाब देने का है। उनकी सरकार ने प्रदेश को हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार में नम्बर एक बना दिया है। सपा राज के पांच सालों में गांव-गांव में सपाइयों की दौलत कई गुना बढ़ गई। मोपेड से चलने और टीनशेड में रहने वाले नेताओं ने चार मंजिला मकान बना लिया। दरवाजे पर फार्च्यूनर खड़ी कर ली। भाजपा अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की योजनाएं भी गिनाईं।

उन्होंने उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर बिना किसी भेदभाव के युवाओं को लैपटॉप, नौकरियां, किसानों को समर्थन मूल्य पर धान की खरीद, 14 दिन में गन्ना मूल्य भुगतान और नए इंजीनियरिंग-मेडिकल कॉलेज खोलने का वादा किया और जनता से दो तिहाई बहुमत से जिताने की अपील की।

इटवा के सभा मंच पर सांसद जगदम्बिका पाल, इटवा के भाजपा प्रत्याशी सतीश द्विवेदी, शोहरतगढ़ से अपना दल के प्रत्याशी अमर सिंह चौधरी मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493