लखनऊ, 19 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत रविवार को मतदान शुरू हो गया है। कड़ी सुरक्षा के बीच 12 जिलों की 69 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। इस चरण में 826 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव ने सैफई में व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी ने लखनऊ में मतदान किया।
उप्र विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण का मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया। ईवीएम मशीनों में तकनीकी खराबी की वजह से कुछ जगहों पर मतदान थोड़ी देर से शुरू हुआ। लखनऊ के जिलाधिकारी गौरीशंकर प्रियदर्शी, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने भी सुबह ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो रामगोपाल यादव ने भी सैफई में अपना वोट डाला। मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि सपा कांग्रेस गठबंधन 300 से अधिक सीटें जीतकर फिर सरकार बनाएगा।
सपा के भीतर कलह को खारिज करते हुए रामगोपाल ने कहा कि कहीं कोई मतभेद नहीं है और न ही कोई भीतरघात है। सभी लोग मिलकर साइकिल को जिताने में लगे हुए हैं।
इधर, लखनऊ कैंट से भाजपा प्रत्याशी रीता जोशी ने कहा कि कैंट विधानसभा से इस बार भी यहां की जनता का प्यार उन्हें मिलेगा और वह भारी मतों से जीतेंगी। उन्होंने कहा कि आज (रविवार) मुलायम सिंह यादव को हाथ जोड़कर अपनी बहू के लिए वोट मांगना पड़ रहा है। इससे दयनीय स्थिति और क्या हो सकती है?
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस मौके पर उन्होंने मतदाताओं से आगे आकर मतदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और उसी दिशा में मतदान हो रहा है।
इससे पहले राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बताया कि इस चरण में 2,41,99,448 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिसमें युवा मतदाताओं की संख्या 4,10,117 है, जो 18 से 19 वर्ष के बीच हैं। तीसरे चरण में कुल 1,31,61,155 पुरुष तथा 1,10,37,265 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया, जो शाम पांच बजे तक चलेगा।
सबसे ज्यादा मतदाता सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र में हैं। इनकी संख्या 4,98,573 है। सबसे कम मतदाता सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र में है। यहां कुल 2,72,294 मतदाता हैं।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि तीसरे चरण में कुल 16,671 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि मतदेय स्थलों की संख्या 25,607 है। इस चरण में कुल 826 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसमें महिला प्रत्याशियों की संख्या 105 है।
निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदेय स्थलों पर 3123 डिजिटल कैमरा, 1411 वीडियो कैमरा लगाए गए हैं। 4609 माइक्रो ऑव्जर्वरों की तैनाती की गई है। मतदेय स्थलों की सुरक्षा के लिए 837 कंपनी अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।
उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में फरु खाबाद जिले की कायमगंज, अमृतपुर, फरु खाबाद, भोजपुर तथा हरदोई जिले की सवायजपुर, शाहाबाद, हरदोई, गोपामऊ, सांडी, बिलग्राम मल्लावां, बालामऊ, संडीला में मतदान हो रहा है।
कन्नौज की छिबरामऊ, तिरवा, कन्नौज तथा मैनपुरी जिले की मैनपुरी, भोंगांव, किशनी, करहल विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। इसके साथ ही इटावा जिले की जसवंतनगर, इटावा, भरथना तथा औरैया जिले की बिधूना, डिबियापुर, औरैया सीटों पर भी वोट डाले जा रहे हैं।
तीसरे चरण के तहत कानपुर देहात की रसूलाबाद, अकबरपुर रनिया, सिकंदरा, भोगनीपुर तथा कानपुर नगर की बिल्हौर, बिठूर, कल्याणपुर, गोविंदनगर, सीसामऊ, आर्य नगर, कानपुर नगर, कानपुर कैंट, महाराजपुर, घाटमपुर विधानसभा सीट पर मतदान हो रहा है।
उन्नाव जिले की बांगरमऊ, सफीपुर, मोहान, उन्नाव, भगवंत नगर, पुरवा तथा लखनऊ की मलिहाबाद, बख्शी का तालाब, सरोजनीनगर, लखनऊ कैंट, लखनऊ वेस्ट, लखनऊ नॉर्थ, लखनऊ ईस्ट, लखनऊ सेंट्रल, मोहनलालगंज विधानसभा सीट पर मतदान हो रहा है।
बाराबंकी जिले की कुर्सी, रामनगर, बाराबंकी, जैदपुर, दरियाबाद, रुधौली और सीतापुर जिले की महोली, सीतापुर, हरगांव, लहरपुर, बिसवां, सेवता, महमूदाबाद, सिधौली, मिश्रिख विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath