इंदौर, 19 फरवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रहे दो दिवसीय दक्षिण एशियाई देशों के संसद अध्यक्षों के शिखर सम्मेलन का रविवार को ‘इंदौर घोषणा-पत्र’ जारी किए जाने के साथ समापन हो जाएगा।
भारतीय संसद और इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (आईपीयू) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सम्मेलन शनिवार को होटल रेडिसन ब्लू में शुरू हुआ था। इस सम्मेलन में पाकिस्तान और म्यांमार हिस्सा नहीं ले रहे हैं। इसमें दक्षिण एशियाई देशों के स्पीकर्स आर्थिक विकास, सामाजिक विकास और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श के लिए यहां इकट्ठा हुए हैं। शनिवार को आतंकवाद पर भी चिंता जताई गई।
आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, इस सम्मेलन का समापन रविवार को होगा। इस मौके पर इंदौर घोषणा-पत्र जारी किया जाएगा। अगला शिखर सम्मेलन श्रीलंका में होगा।
इस शिखर सम्मेलन में अंतर संसदीय संघ के अध्यक्ष साबिर चौधरी, अफगानिस्तान की नेशनल असेंबली के स्पीकर अब्दुल रऊफ इब्राहिम, बांग्लादेश की संसद की स्पीकर डॉ. शिरीन शर्मिन चौधरी, भूटान की नेशनल असेंबली के स्पीकर जिग्मे जांग्पो, भूटान की नेशनल काउंसिल के डिप्टी चेयरपर्सन शेरिंग दोरजी, श्रीलंका की संसद के स्पीकर कारु जयसूर्या, मालदीव की संसद के स्पीकर अब्दुल्ला मसीह मोहम्मद, नेपाल की संसद की अध्यक्ष ओनसारी घर्ती और संसद सदस्य हिस्सा ले रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath