बेंगलुरु, 19 फरवरी (आईएएनएस)। मिशेल स्टार्क को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण में नहीं खेलेंगे।
रविवार को इसकी घोषणा की गई। आस्ट्रेलियाई टीम के तेज गेंदबाज स्टार्क ने राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के साथ जारी लंबे सत्र के बाद स्वयं को आराम देने के लिए यह फैसला लिया है। वह स्वयं को आगामी आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए पूरी तरह से फिट रखना चाहते हैं।
क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) द्वारा रिलीज एक प्रेस विज्ञप्ति में जारी अपने एक बयान में स्टॉर्क ने कहा, “लंबे व्यस्त समय के बाद इस समय मेरे लिए खुद को शारीरिक और मानसिक तौर पर आराम देना जरूरी है। अभी भारत का दौरा बाकी है और उसके बाद मैं अपने परिवार के साथ समय बिताऊंगा और पूरी फिटनेस के साथ वापसी करूंगा।”
स्टॉर्क ने कहा, “मैंने बैंगलोर टीम के साथ बिताए समय का आनंद लिया और आशा है कि भविष्य में फिर से इस टीम के साथ खेलूंगा।”
इस फैसले के साथ ही आस्ट्रेलिया के 27 वर्षीय गेंदबाज स्टार्क उन पांच करोड़ रुपयों को भी गंवा रहे हैं, जिसके लिए वह आईपीएल के आगामी संस्करण में बेंगलोर की टीम से खेलने वाले थे।
स्टार्क चोटिल होने के कारण आईपीएल के नौवें संस्करण में भी नहीं खेल पाए थे।
एक बयान में कहा गया कि आईपीएल की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और स्टार्क ने अप्रैल में शुरू हो रहे आईपीएल-10 की शुरुआत से पहले आपसी सहमति से साझेदारी को समाप्त करने का फैसला लिया है।
बयान में कहा गया कि आस्ट्रेलियाई टीम के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्टार्क ने ‘आईपीएल प्लेयर’ नियमों के 41वें नियम के तहत बेंगलोर टीम से अपनी साझेदारी समाप्त की है।
आईपीएल के 10वें संस्करण में खिलाड़ियों की नीलामी 20 फरवरी को बेंगलुरु में होगी। बेंगलोर टीम के पास खिलाड़ियों को खरीदने के लिए कुल 17.825 करोड़ की राशि होगी।
आईपीएल की शुरुआत पांच अप्रैल से हो रही है और इसका फाइनल 21 मई को खेला जाएगा।
dharmpath.com dharmpath