सैमसंग के उत्तराधिकारी ली से रिश्वतखोरी मामले में पूछताछ

सियोल, 19 फरवरी (आईएएनएस)। इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाने वाली दुनिया की अग्रणी कंपनी सैमसंग ग्रुप के उत्तराधिकारी से दक्षिण कोरिया के अभियोजकों ने भ्रष्टाचार के मामले में रविवार को पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपने खिलाफ लगे रिश्वतखोरी व अन्य आरोपों से इनकार किया। मामले में राष्ट्रपति पार्क ग्वेन हे तथा उनकी मित्र भी शामिल हैं।

एफे न्यूज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सैमसंग के उपाध्यक्ष व उत्तराधिकारी ली जे-योंग को भ्रष्टाचार के मामले में रिश्वतखोरी तथा अन्य अपराधों के संदेह में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में दक्षिण कोरिया की पहली महिला राष्ट्रपति पार्क ग्वेन हे के खिलाफ महाभियोग चल चुका है।

जांचकर्ताओं को संदेह है कि कंपनी की दो सहायक कंपनियों के विलय में सरकार की मदद पाने के बदले ली ने राष्ट्रपति की विश्वासपात्र चोई सुन-सिल को वित्तीय सहायता देने का कंपनी को निर्देश दिया।

न्याय प्रक्रिया में बाधा पैदा करने तथा विदेश में संपत्तियों के स्थानांतरण से संबंधित कानून के उल्लंघन से जुड़े सबूतों को अभियोजन द्वारा पेश करने तथा नए आरोप लगाने के बाद सियोल की सेंट्रल कोर्ट ने ली की गिरफ्तारी का आदेश दिया।

मामले से संबंधित सूत्रों ने समचार एजेंसी योनहाप से कहा कि पूछताछ के लगातार दूसरे दिन भी ली ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया और कहा कि पार्क के दबाव के कारण चोई से संबंधित एक संगठन को पैसे दिए गए।

ली तथा सैमसंग के अन्य कर्मचारियों ने इससे पहले कथित तौर पर चोई द्वारा नियंत्रित संगठनों को 3.7 करोड़ डॉलर भुगतान करना स्वीकार किया था।

सैमसंग के उत्तराधिकारी फिलहाल हिरासत में रहेंगे, जबकि अभियोजन ने उनके खिलाफ आरोप दाखिल करने की 20 दिवसीय प्रक्रिया की शुरुआत कर दी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493