मृतक के भाई ने गांव के ही एक व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बेवर के ग्राम ताल निवासी आलोक पुत्र रामप्रकाश दिल्ली में नौकरी करता था। वह रविवार को मतदान करने के लिए दिल्ली से मैनपुरी आया था। रविवार को करीब 3.45 बजे आलोक मतदान करके वापस लौट रहा था कि तभी उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई योगेन्द्र ने गांव के ही रहने वाले विक्रम पुत्र राजवीर पर आलोक की हत्या करने का आरोप लगाया है।
योगेन्द्र ने बताया कि मतदान करके लौट रहे आलोक को रास्ते में विक्रम ने रोक लिया। विक्रम ने आलोक से पूछा कि वोट किसको डालकर आए हो तो आलोक ने बताया कि उसने बसपा को वोट दिया है। तभी विक्रम ने भाजपा को वोट क्यों नहीं डाला कहकर आलोक को गोली मार दी। गोली लगने से आलोक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस हत्यारोपी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक सुनील सक्सेना का कहना है कि आलोक की हत्या पुरानी रंजिश को लेकर हुई है। आलोक की हत्या का वोट से कोई भी संबंध नहीं है। पुलिस हत्यारोपी की तलाश में दबिश दे रही है।
dharmpath.com dharmpath